नयी दिल्ली, 10 जनवरी श्रम मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी तिमाही रोजगार सर्वेक्षण के अनुसार नौ चयनित क्षेत्रों में कुल रोजगार की संख्या जुलाई - सितंबर 2021 के दौरान 3.10 करोड़ रही, जो अप्रैल-जून के मुकाबले दो लाख अधिक है।
श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने श्रम ब्यूरो द्वारा तैयार तिमाही रोजगार सर्वेक्षण (क्यूईएस) को जारी किया, जिसके मुताबिक अप्रैल से जून, 2021 में नौ चयनित क्षेत्रों में कुल रोजगार की संख्या 3.08 करोड़ थी।
ये आंकड़े कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के बाद राज्यों द्वारा लॉकडाउन प्रतिबंधों को हटाने के चलते आर्थिक गतिविधियों में हुए सुधार को दर्शाते हैं।
ये नौ क्षेत्र विनिर्माण, निर्माण, व्यापार, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रेस्टोरेंट, आईटी / बीपीओ (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग) और वित्तीय सेवाएं हैं।
यह इस कड़ी की दूसरी रिपोर्ट है। पहली रिपोर्ट अप्रैल-जून 2021 की थी। इस अध्ययन में 10 या अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया।
यादव ने रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि इन अध्ययनों से सरकार को साक्ष्य आधारित नीति बनाने में मदद मिलेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY