देश की खबरें | भागलपुर प्रशासन के शीर्ष अधिकारी कोविड-19 से संक्रमित
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भागलपुर (बिहार), 18 जुलाई भागलपुर में कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कोरोना वायरस से पीड़ित पाए गए हैं, जिससे जिले में दैनिक सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है।

जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) के उपाधीक्षक गौरव कुमार ने शनिवार को बताया कि भागलपुर की संभागीय आयुक्त वंदना किनी शुक्रवार को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाई गईं, जिसके बाद वह खुद से पृथक-वास में चली गई हैं।

यह भी पढ़े | कोविड-19 से पीड़ित 10 महिलाओं ने गुवाहाटी अस्पताल में बच्चों को जन्म दिया.

उनके अलावा जिलाधिकारी प्रणव कुमार, उप विकास आयुक्त सुनील कुमार सिंह और अतिरिक्त जिलाधिकारी राजेश कुमार झा भी कोरोना वायरस से पीड़ित हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह और जिला प्रोजेक्ट प्रबंधक (स्वास्थ्य) मोहम्मद फैयाज आलम, जेएलएनएमसीएच के अधीक्षक डॉ. अशोक भगत के अलावा आधा दर्जन चिकित्सक भी संक्रमित हैं।

यह भी पढ़े | मुंबई के धारावी में कोरोना के 6 नए मामले पाए गए: 18 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुलिस विभाग में स्थिति अपेक्षाकृत ठीक है।

पुलिस विभाग के सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आशीष भारती सुरक्षित हैं लेकिन उनके चार सुरक्षाकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपने सरकारी आवास से काम कर रहे हैं।

गौरव कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 901 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिनमें किनी भी शामिल हैं।

बिहार में पटना के बाद कोविड-19 के सर्वाधिक मामले भागलपुर में हैं।

स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, भागलपुर में 1455 मामले हैं जबकि पटना में 3245 मामले सामने आए हैं।

बुलेटिन के मुताबिक राज्य में कोरोना वायरस के कुल संक्रमितों की संख्या 24,997 हो गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)