जरुरी जानकारी | मदर डेयरी दुकानों पर टमाटर की कीमत दोगुनी होकर लगभग 80 रुपये किलो पर

नयी दिल्ली, 27 जून प्रमुख उत्पादक राज्यों में बरसात के कारण आपूर्ति घटने से मदर डेयरी दुकानों पर टमाटर की कीमतें पिछले एक सप्ताह में दोगुनी होकर लगभग 80 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

मदर डेयरी के सफल खुदरा दुकान पर सबसे अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर मंगलवार को 78 रुपये प्रति किलोग्राम पर बेचे जा रहे हैं। कुछ किस्म कम कीमत पर भी उपलब्ध हैं। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 300 से अधिक सफल के स्टोर हैं।

मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मानसून की शुरुआत के साथ, टमाटर की फसल मौजूदा समय में मौसमी बदलाव के दौर से गुजर रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे क्षेत्रों में बारिश ने फसल को प्रभावित किया है और इसकी आपूर्ति भी सीमित कर दी है, जिसके परिणामस्वरूप मांग-आपूर्ति में अंतर आ गया है।’’

मोबाइल ऐप के जरिए ताजे फल और सब्जियां बेचने वाली एग्रीटेक स्टार्टअप ओटिपी 86 रुपये प्रति किलोग्राम पर टमाटर बेच रही है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म बिग बास्केट पर टमाटर 80-85 रुपये प्रति किलो मिल रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी में सब्जी विक्रेता स्थान और गुणवत्ता के आधार पर 80-120 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच टमाटर बेच रहे हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022-23 में टमाटर का उत्पादन पिछले वर्ष के 2.069 करोड़ टन से थोड़ा घटकर 2.062 करोड़ टन रहने का अनुमान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)