देश की खबरें | जोशीमठ बचाने, पर्यावरण संरक्षण के लिए युवा जोशीमठ से पैदल यात्रा पर निकले

गोपेश्वर(उत्तराखंड), दो मार्च भूधंसाव ग्रस्त जोशीमठ को बचाने और पर्यावरण संरक्षण की चेतना जगाने के लिए स्थानीय युवाओं का एक दल जोशीमठ से देहरादून के लिए पैदल यात्रा पर निकला है ।

नौ युवाओं के दल को बुधवार को जोशीमठ बचाओं संघर्ष समिति ने फूलमालाओं के साथ जोशीमठ से विदा किया।

जोशीमठ और पर्यावरण संरक्षण के मसले पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू हुई यह पैदल यात्रा 14 मार्च को देहरादून के गांधी पार्क में सम्पन्न होगी ।

यात्रा में शामिल आयुष डिमरी ने बताया कि इस दौरान विभिन्न पडावों, हेलंग, पीपलकोटी, चमोली, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर आदि स्थानों पर युवा जनसंपर्क भी करेंगे और लोगों को इन मसलों पर जागरूक करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए हिमालय के सरंक्षण और जोशीमठ को बचाने के प्रयासों को ताकत मिलेगी।

जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति ने भी इस अभियान का स्वागत किया और कहा कि यह स्वप्रेरित अभियान एक स्वागत योग्य कदम है ।

सं दीप्ति

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)