अगरतला, 23 मई टिपरा मोथा के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने त्रिपुरा की धनपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ सीधी लड़ाई सुनिश्चित करने के लिए विपक्षी एकता का मंगलवार को आह्वन किया।
त्रिपुरा में फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन, माकपा-कांग्रेस गठबंधन और पूर्वोत्तर राज्य के पूर्व शाही परिवार के वंशज देबबर्मा द्वारा गठित क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा के बीच था।
उन्होंने लाइव फेसबुक पोस्ट में कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी त्रिपुरा सीट से मजबूत उम्मीदवार उतारा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘(विधानसभा चुनाव में) हम सभी -टिपरा मोथा, भाजपा, माकपा और कांग्रेस – ने गलती की। हमने महसूस किया है कि टिपरा मोथा ने ऐसी सीट पर उम्मीदवारों को उतारने में गलती की है जहां उसके जीतने का कोई मौका नहीं था...।’’
देबबर्मा ने त्रिपुरा के मूल निवासियों की समस्याओं के ‘‘संवैधानिक समाधान’’ के लिए एक वार्ताकार नियुक्त करने का वादा पूरा नहीं करने के लिए भी भाजपा की आलोचना की।
केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में धनपुर सीट से जीत हासिल की थी लेकिन बाद में उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी।
निर्वाचन आयोग ने इस सीट के लिए अभी चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY