इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच फरवरी इंदौर में तीन "ट्रांसवुमन" को सरेआम पीटने और उनके सिर के लंबे बाल काटकर उन्हें बेइज्जत करने के आरोपों में तृतीय लिंग के अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
"ट्रांसवुमन" यानी ऐसे लोग जिन्हें जन्म के समय पुरुष माना गया था, लेकिन उनकी लैंगिक पहचान महिला की होती है और वे खुद को महिला के तौर पर सहज महसूस करते हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तृतीय लिंग के लोगों के एक समूह ने 19 से 22 साल के बीच की उम्र वाली तीन ‘‘ट्रांसवुमन’’ के साथ शहर के राजबाड़ा क्षेत्र में 25 जनवरी को मारपीट की, जब वे वहां खरीदारी के लिए गई थीं।
उन्होंने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि इस समूह ने "ट्रांसवुमन" द्वारा महिलाओं की तरह श्रृंगार करने पर आपत्ति जताते हुए उनसे पूछा कि वे असली "ट्रांसजेंडर" हैं या नकली?
प्राथमिकी के मुताबिक आरोपियों द्वारा तीनों ‘‘ट्रांसवुमन’’ के कपड़े उतारने की कोशिश भी की गई और उनके साथ मारपीट करते हुए उनके सिर के लंबे बाल काट दिए गए।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना को लेकर एमजी रोड पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
जिला ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड के सदस्य निकुंज ने ‘‘पीटीआई-’’ से कहा, "शहर की तीन ट्रांसवुमन के साथ हुई इस घटना को तृतीय लिंग के उन लोगों ने अंजाम दिया जो महिला की वेश-भूषा में रहते हैं और पारंपरिक रूप से नेग मांगकर गुजारा करते हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY