देश की खबरें | यमुनोत्री जा रहे तीन तीर्थयात्रियों की हृदयाघात से मौत

उत्तरकाशी, 12 मई गढ़वाल हिमालय में दस हजार फुट से अधिक ऊंचाई पर स्थित यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए तीन श्रद्धालुओं की हृदयाघात के कारण मृत्यु हो गयी ।

पुलिस ने यहां बताया कि हृदयाघात से मरने वाले तीर्थयात्रियों में से दो मध्य प्रदेश के जबकि एक उत्तर प्रदेश का है । यमुनोत्री धाम की यात्रा अक्षय तृतीया के दिन शुक्रवार को शुरू हुई थी ।

उन्होंने बताया कि यमुनोत्री धाम के दर्शन करने जा रही मध्य प्रदेश के नीमच की रहने वाली संपत्तिबाई (62) यमुनोत्री के आधार शिविर जानकीचट्टी के निकट बेहोश हो गयीं । उनके साथ मौजूद अन्य तीर्थ यात्रियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।

एक अन्य घटना में, सागर जिले के रामगोपाल (71) और उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की विमला देवी (69) की भी हृदयाघात से मौत हो गयी ।

यमुनोत्री धाम की कठिन पैदल यात्रा के दौरान कई बार ऑक्सीजन की कमी और ठंड के कारण तीर्थयात्रियों की तबीयत बिगड़ जाती है।

पुलिस ने बताया कि कठिन पहाड़ी यात्रा को देखते हुए लोगों को रूक-रूक कर यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)