देश की खबरें | तस्करी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार; 60 लाख रुपये की हेरोइन बरामद

महराजगंज (उत्तर प्रदेश), 28 अगस्त महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 60 लाख रुपए कीमत की हेरोइन बरामद होने पर इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि महराजगंज जिले में रविवार सुबह सोनौली सीमा चौकी के पास नियमित जांच के दौरान सत्यम (19) नामक लड़के की तलाशी में उसके पास से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

एक अन्य घटना में सोनौली के ही सेमरा चौराहे से अमित (36) और दुर्गेश निषाद (45) नामक व्यक्तियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 45 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इन दोनों ही मामलों में अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए लोग हेरोइन की सुपुर्दगी के लिए नेपाल जा रहे थे। उनके कब्जे से बरामद हेरोइन की कुल कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों ही मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)