फतेहगढ़ साहिब, 13 सितंबर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में शेख अहमद सरहिंदी का तीन दिवसीय सालाना उर्स बुधवार से शुरू हुआ और बड़ी संख्या में मुसलमानों ने सरहिंद के रौज़ा शरीफ में ज़ियारत की।
इस उर्स में 125 ज़ायरीन पाकिस्तान से आए हैं। उर्स में अलग-अलग आस्था वाले लोग भी जुट रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम को दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी एजाज खान भी उर्स के लिए यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि खान ने भी ज़ियारत की।
रौज़ा शरीफ के ‘खलीफा’ (प्रमुख) सैयद मोहम्मद सादिक रज़ा ने कहा, “हम ज़ायरीनों को आवास और (लंगर लगाकर) भोजन मुहैया करा रहे हैं। इसके अलावा, जिला प्रशासन और पुलिस भी बेहद मददगार है।”
मुजाद्दिद अल्फ-इस्फानी के नाम से मशहूर शेख अहमद फारूकी सरहिंदी का रौज़ा या दरगाह, गुरुद्वारा फतेहगढ़ साहिब के पास सरहिंद-बस्सी पठाना रोड पर स्थित है। वह मुगल बादशाह अकबर और जहांगीर के समकालीन थे।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से संचालित गुरुद्वारे में कई ज़ायरीनों को रुकने अनुमति दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY