देश की खबरें | नागौर में हनी ट्रैप मामले में मास्टरमाइंड महिला समेत तीन गिरफ्तार

जयपुर, 25 अप्रैल राजस्थान पुलिस ने नागौर के मकराना थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप के मामले में मास्टरमाइंड महिला और उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है। इन पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने के नाम पर 31 लाख रुपये हड़पने के आरोप हैं।

नागौर एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि शुक्रवार को बुलड़को की ढाणी निवासी एक व्यक्ति बिना बताए अपने घर से निकल गया। अगले दिन उसके परिजनों ने मकराना थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसी दिन गुमशुदा व्यक्ति को ढूंढ लिया। पीड़ित व्यक्ति ने अपने साथ हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

उन्होंने बताया कि दर्ज रिपोर्ट के अनुसार गुणावती निवासी रेखा कंवर और शैतान सिंह ने उसका अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 31 लाख रुपये हड़प लिये।

उन्होंने बताया कि इस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रहे दल ने त्वरित कार्रवाई कर कॉल डिटेल के विश्लेषण एवं मुखबिर के जरिये वारदात में शामिल आरोपी महिला रेखा कंवर (32), उसके दो साथियों शैतान सिंह (30) एवं विक्रम सिंह (35) को आज गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा हड़पी गई रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)