देश की खबरें | महादयी वन्यजीव अभयारण्य को बाघ संरक्षित क्षेत्र बनाने से हजारों लोग होंगे प्रभावित: भाजपा विधायक

पणजी, 25 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक देविया राणे ने मंगलवार को कहा कि यदि गोवा में महादयी वन्यजीव अभयारण्य को बाघ संरक्षित क्षेत्र के रूप में अधिसूचित किया गया तो वहां रहने वाले करीब 15000 लोग प्रभावित होंगे।

बंबई उच्च न्यायालय की गोवा पीठ ने सोमवार को प्रदेश सरकार को महादयी वन्यजीव अभयारण्य और उसके आसपास के क्षेत्रों को बाघ संरक्षित क्षेत्र के रूप में अधिसूचित करने का निर्देश दिया।

पोरियम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली देविया राणे ने संवाददाताओं से कहा कि बाघों और महादयी को बचाना महत्वपूर्ण है लेकिन अभयारण्य में रह रहे लोगों को बचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यदि इस अभयारण्य को बाघ संरक्षित क्षेत्र के रूप में अधिसूचित किया गया तो करीब 15000 लोग प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा यदि वन्यजीव अभयारण्य को बाघ संरक्षित क्षेत्र घोषित करने का वहां के कई गांवों पर असर पड़ेगा।

राणे ने कहा कि यह कहना सही नहीं होगा कि बाघ संरक्षित क्षेत्र घोषित करना महादयी नदी (के पानी) को कर्नाटक की ओर जाने देने से बचाने के लिए जरूरी है बल्कि राज्य सरकार इस नदी को बचाने के लिए कई अन्य कानूनी विचारों पर काम कर रही है।

सोमवार को राज्य के वनमंत्री विश्वजीत राणे ने कहा था कि राज्य सरकार बंबई उच्च न्यायालय के आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देगी।

गोवा और कर्नाटक के बीच महादयी नदी के पानी के बंटवारे को लेकर टकराव चल रहा है। गोवा ने अक्सर कर्नाटक पर नियमों की एकतरफा अनदेखी कर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आरोप लगाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)