देश की खबरें | चंद्रयान-3 की कामयाबी पर इंदौर में जश्न में डूबे हजारों लोग

इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 अगस्त चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने को लेकर इंदौर में हजारों लोगों ने बुधवार शाम जमकर जश्न मनाया।

शहर के हृदयस्थल राजबाड़ा पर तिरंगे झंडे लेकर जुटे लोगों ने ढोल की थाप पर नृत्य किया और "भारत माता की जय" का नारा लगाया। जश्न में डूबे इन लोगों में बच्चों से लेकर बूढ़े तक शामिल थे।

राजबाड़ा के जश्न में शामिल शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा,‘‘गिरकर उठना, उठकर चलना और चलकर चांद पर पहुंचना-भारत ने यह बात साबित कर दिखाई है। चंद्रयान-3 की कामयाबी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के कुशल वैज्ञानिकों के अथक प्रयासों का परिणाम है।’’

इंदौर के लोकसभा शंकर लालवानी ने शहर के एक इंजीनियरिंग महाविद्यालय में सजीव प्रसारण के दौरान चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर उतरते देखा। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खुशी साझा की।

लालवानी ने कहा,‘‘भारत, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है।’’

इंदौर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के निदेशक प्रोफेसर सुहास जोशी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता ने भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अमेरिका, चीन और रूस सरीखे देशों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)