श्रीनगर, 23 अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए 26 लोगों के शवों पर बुधवार को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और हमले में बचे लोगों को आश्वासन दिया कि इस नृशंस कृत्य के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
शाह ने यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आतंकवादी हमले के पीड़ितों के ताबूतों पर पुष्पचक्र अर्पित की।
अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
गृह मंत्री ने मारे गए लोगों के परिवारों और हमले में जीवित बचे अन्य लोगों से बाद में बात की।
अधिकारियों ने बताया कि शाह ने उन्हें आश्वासन दिया कि सुरक्षा बल इस घातक हमले के दोषियों को सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
शाह हमले के कुछ ही घंटों के भीतर मंगलवार रात को यहां पहुंचे और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने उन्हें स्थिति के बारे में जानकारी दी।
गृह मंत्री ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की, जिसमें उपराज्यपाल भी शामिल हुए।
इससे पहले, कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के शव बुधवार को श्रीनगर लाए गए।
एक अधिकारी ने इससे पूर्व कहा था, ‘‘हमें 26 शव मिले हैं जिन्हें (बुधवार को) तड़के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) श्रीनगर लाया गया। शवों को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) ले जाया जाएगा।’’
कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। यह पिछले कई वर्षों में कश्मीर में आम नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए सबसे भयावह आतंकवादी हमलों में से एक था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY