देश की खबरें | बाराबंकी में सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के पास मिली बम और टाइमर जैसी चीजें, पुलिस ने कहा जांच के बाद होगी पुष्टि

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश), आठ अप्रैल बाराबंकी जिले में सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के करीब पुलिस ने शुक्रवार को बम और टाइमर जैसी दिखने वाली चीजें बरामद किया है। हालांकि पुलिस ने कहा कि जांच के बाद पुष्टि होगी कि यह क्या है।

बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के करीब डेढ़ सौ मीटर पीछे टाइमर बम के मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी और दमकल विभाग के ‘डिस्‍पोजल दस्‍ते’ के साथ मौके पर पहुंच गई।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर जाकर देखा तो खुले बैग में पांच बम की तरह दिखने वाली चीज और एक डिजिटल टाइमर जैसी वस्‍तु रखी थी,‘डिस्पोजल टीम’ ने उसे नष्ट कर अवशेषों को जांच के लिए लैब में भेज दिया।

बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नगर आतिश कुमार सिंह, सीओ नवीन सिंह व सुमित त्रिपाठी के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘आज यह सूचना एक व्यक्ति ने पुलिस को दी कि यहां एक जगह कुछ ऐसी चीज दिख रही है जो बम जैसी दिखाई दे रही है। सूचना पाकर बाद तत्‍काल मौके पर पहुंची टीम ने वहां मौजूद लोगों को दूर हटाया और तत्काल इसकी सूचना बम निरोधक दस्‍ते को दी।’’

उन्होंने बताया, ''बम निरोधक दस्ता मौके पर समय से पहुंचा और हमारे एटीएस कमांडो भी पहुंच गए, किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए मौके पर मिले वस्तु को नष्ट किया और जो सैंपल मिले हैं उस सैंपल को लैब भेजा जा रहा है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह क्या चीज थी। उसके अंदर क्या सामान था। जैसे ही रिपोर्ट आएगी तो पता चलेगा कि वह क्या था।''

उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि इस ऑपरेशन को पूरा करने में दो से ढाई घंटे लगे। टाइमर के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका सत्यापन हमारी विशेषज्ञ टीम करेंगी।

आतिश कुमार सिंह ने बताया कि ‘बम डिस्पोजल दस्ता’ आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है और जांच पड़ताल के बाद ही बम की पुष्टि की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)