देश की खबरें | त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी, तीनों पूर्वोत्तर राज्यों में सरकार बनाएगा राजग: हिमंत

गुवाहाटी, 28 फरवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि त्रिपुरा, नगालैंड या मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी और साथ ही दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा।

कुछ ‘एक्जिट पोल’ में त्रिपुरा और मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा होने का पूर्वानुमान जताया गया है।

पूर्वोत्तर लोकतांत्रिक गठबंधन (एनईडीए) के संयोजक शर्मा ने कहा कि बृहस्पतिवार को परिणाम घोषित होने के बाद राजग का कोई भी साथी कांग्रेस या तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगा। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘कोई त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। राजग तीनों राज्यों में सरकार बनाएगा।’’

कई ‘एग्जिट पोल’ में त्रिपुरा और मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान जताया गया है, हालांकि इसके अनुसार राजग सबसे बड़ा समूह होगा। ‘एक्जिट पोल’ में केवल नगालैंड में राजग की पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी का पूर्वानुमान जताया गया है।

तीन राज्यों में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि त्रिपुरा और नगालैंड में यथास्थिति रहेगी। शर्मा ने कहा, ‘‘त्रिपुरा में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा, जबकि हम नगालैंड में गठबंधन सरकार में हैं।’’

उन्होंने कहा कि मेघालय के लिए मुख्यमंत्री का फैसला भाजपा द्वारा जीती गई सीटों की संख्या पर विचार करने के बाद किया जाएगा। शर्मा ने कहा, ‘‘हालांकि किसी भी राज्य में टीएमसी या कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।’’

वर्तमान में, त्रिपुरा में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं, जबकि नगालैंड और मेघालय में सरकारें क्रमशः नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व में हैं।

त्रिपुरा में 16 फरवरी को और नगालैंड तथा मेघालय में 27 फरवरी को चुनाव हुए थे। परिणाम 2 मार्च को घोषित होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)