देश की खबरें | झारखंड सरकार के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष होगा, एनडीए उपचुनाव जीतेगा : दीपक प्रकाश
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रांची, 24 अक्टूबर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश और जदयू के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण सिंह ने शनिवार को झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा हमला बोला और कहा कि जनता 10 महीने में ही राज्य में चल रही महा-गठबंधन सरकार से तंग हो गयी है और उससे निजात चाहती है, जिसके लिए भाजपा-जदयू सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे।

दोनों पार्टियों ने राज्य में दुमका और बेरमो में दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनावों में भी राजग की जीत का दावा किया।

यह भी पढ़े | Happy Dussehra 2020: रावण की जिंदगी के 10 रहस्यमयी सच! जिसे सुन कोई भी हैरान हो सकता है!.

जदयू प्रदेश कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में शनिवार को दोनों नेताओं ने पत्रकारों से कहा, ‘‘राज्य की स्थिति भयावह है, कानून व्यवस्था नाम की यहां कोई चीज नही है, मुख्यमंत्री को न तो न्यायालय पर भरोसा है, न संवैधानिक संस्थाओं पर।

दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री को अब खुद पर भी भरोसा नहीं रह गया है, इसीलिये वे प्रधानमंत्री जी से भी अकेले में नहीं बल्कि पूरी कैबिनेट के साथ मिलना चाहते हैं।

यह भी पढ़े | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दार्जिलिंग में सुकना सैन्य शिविर के 33 कोर के सैनिकों से की मुलाकात: 24 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा कि राज्य में ऑन रिकॉर्ड 1200 से ज्यादा बलात्कार और हत्या की घटनाएं घटित हुईं हैं। जिसमे अधिकांश आदिवासी,दलित समाज की नाबालिग लड़कियां शामिल हैं।

प्रकाश ने आरोप लगाया कि आज फिर मिर्जाचैकी साहेबगंज में एक नाबालिग आदिवासी युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है और इससे भी ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन इसकी लीपापोती में जुट जाता है। कुछ मामलों में यदि कार्रवाई हुई है तो वह एनडीए कार्यकार्ताओं के दबाव में हुई है।

उन्होंने राज्य के आर्थिक हालात पर कहा कि अपनी नाकामियों को छुपाने के लिये मुख्यमंत्री केंन्द्र पर दोषारोपण करते हैं। राज्य सरकार 10 महीनों में 20 प्रतिशत भी बजट खर्च नहीं कर पाई है। खजाने में पैसे पड़े हैं और पैसे का रोना रोते हैं क्योंकि इनकी नियत और नीति दोनों में खोट है।

प्रकाश ने कहा, ‘‘हम राज्यहित मे इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिये संकल्पित हैं। राज्य की जनता इस उपचुनाव में इस सरकार की ताबूत में अंतिम कील ठोंकने का कार्य करेगी।’’

संवाददाता सम्मेलन में मौजूद जदयू के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण सिंह ने कहा कि राज्य सरकार को गरीबों की कोई चिंता नही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान कटनी के बाद इस राज्य से बड़े पैमाने पर मजदूरों का पलायन होगा क्योंकि राज्य सरकार के पास गरीबों के लिए कोई योजना नहीं है।

दोनों नेताओं ने राज्य की दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनावों में राजग के दोनों उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। ज्ञातव्य है कि दोनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार लुईस मरांडी और योगेश्वर महतो बाटुल चुनाव मैदान में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)