जरुरी जानकारी | आवास, निर्माण परियोजनाओं के लिये हों अलग नियम: नारेडको

नयी दिल्ली, 13 जून रियल एस्टेट कंपनियों के संगठन नारेडको ने आवास व निर्माण क्षेत्र की परियोजनाओं में तेजी लाने के लिये सरकार को इस क्षेत्र के लिये अलग से नियम बनाने का सुझाव दिया है।

नारेडको ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इस संबंध में पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की नवगठित विशेषज्ञ समिति के सदस्यों के साथ शुक्रवार को एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गयी। इस दौरान नारेडको महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष एवं के. रहेजा कॉर्प के प्रबंध निदेशक किशोर भाटिजा ने समिति के सदस्यों को कुछ सुझाव दिये। इस बैठक में नारेडको के राष्ट्रीय अध्यक्ष निरंजन हीरानंदानी समेत 25 डेवलपर मौजूद रहे।

यह भी पढ़े | RSMSSB Recruitment 2020: लैब टेक्निशियन और असिस्टेंट रेडियोग्राफर के 2,177 पदों पर भर्ती, 18 जून से करें अप्लाई.

बयान में कहा गया कि नारेडको ने मौजूदा डिजिटल युग में अप्रासंगिक नियमों को बदलने और समय के हिसाब से उन्हें अद्यतन करने का सुझाव दिया। इसके अलावा संगठन ने कहा कि आवास व निर्माण क्षेत्र की परियोजनाओं के लिये अलग से नियम बनाये जाने चाहिये, क्योंकि इनसे पर्यावरण को सिर्फ तभी तक नुकसान होता है जब तक निर्माण कार्य चल रहे होते हैं।

संगठन ने इनके अलावा ग्रीन बिल्डिंग परियोजनाओं को अग्रिम पर्यावरण मंजूरियों से छूट देने, परियोजना में बदलाव को नयी परियोजना की तरह नहीं माने जाने तथा इनके लिये अलग प्रावधान तय करने, किसी परियोजना के लिये चरणों में मंजूरी के बजाय एक ही बार में पूरी मंजूरी प्रदान करने, परियोजना की वैधता को उसके आकार से जोड़ने, राज्य प्राधिकरणों के गठन में देरी से बचने जैसे अन्य सुझाव भी दिये गये।

यह भी पढ़े | FACT CHECK: Sir Ganga Ram Hospital के नाम से वायरल हो रहे पर्चे में कोरोना से निपटने के लिए इन दवाओं के इस्तेमाल की दी गई सलाह, अस्पताल ने बताया फर्जी.

विशेषज्ञ समिति के चेयरमैन व आईएएस अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने इन सुझावों को लेकर कहा, ‘‘हमें खुशी है कि इन मुद्दों पर चर्चा के लिये नारेडको ने बैठक आयोजित की। हम यह आश्वासन देते हैं कि अग्रिम पर्यावरण मंजूरियों की आवश्यकता वाले आवास व निर्माण परियोजनाओं में तेजी लाने की रूपरेखा तैयार करते समय इन सुझावों पर गौर किया जायेगा। हम यह भी आश्वासन देते हैं कि समिति पर्यावरण मंजूरियों को सरल व आसान बनाने की दिशा में काम करेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)