जरुरी जानकारी | घरेलू कोयले की गुणवत्ता में आया सुधारः मंत्रालय

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर सरकार ने मंगलवार को कहा कि घरेलू स्तर पर उत्पादित कोयले की गुणवत्ता में सुधार आया है और चालू वित्त वर्ष में सुधरकर 69 प्रतिशत हो गई है।

कोयला मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 में नवंबर तक कोयले की ग्रेड शुद्धता बढ़कर 69 प्रतिशत हो गई जबकि वर्ष 2017-18 में यह 51 प्रतिशत ही थी।

मंत्रालय ने कहा कि कोयले की गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार और कोयला कंपनियों ने कई कदम उठाए हैं। इनमें कोयला खदानों की समय-समय नई ग्रेडिंग करना और बेहतर खनन प्रौद्योगिकी को अपनाने जैसे उपाय शामिल हैं।

देश की सबसे बड़ी कोयला कंपनी कोल इंडिया ने भी उपभोक्ताओँ तक गुणवत्तापूर्ण कोयला की आपूर्ति सुनिश्चित करने की कोशिश की है।

बयान के मुताबिक, उत्पादित कोयले का तीसरे पक्ष के आकलन से पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2018 में पेश किए गए ऐप 'उत्तम' की मदद से कई उपभोक्ता अपने कोयला खपत की योजना बना रहे हैं।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)