देश की खबरें | साल के आखिर में उमड़े पर्यटकों से गुलजार हुआ राजस्थान का पर्यटन क्षेत्र

जयपुर, 31 दिसंबर क्रिसमस व नववर्ष मनाने के लिए साल के आखिरी सप्ताह उमड़े पर्यटकों ने राजस्थान के पर्यटन उद्योग की उम्मीदों में नए रंग भर दिए। राज्य के होटल और रिसॉर्ट आगंतुकों से भरे हैं और आतिथ्य उद्योग साल के आखिरी सप्ताह में अच्छे खासे कारोबार की उम्मीद कर रहा है जो उसे कोरोना महामारी से हुए नुकसान की कुछ भरपाई करने में मदद करेगा।

पर्यटन और होटल उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि 2020 में फैली कोरोना महामारी ने 2021 में भी इस क्षेत्र को प्रभावित किया। उसके बाद पहली बार, अब राज्य में पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक है। चूंकि इस बार कोरोना से जुड़े सारे प्रतिबंध हटाए लिए गए हैं तो पर्यटन व होटल व्यवसाय वापस पटरी पर आ गया है।

उन्होंने कहा कि विदेशी पर्यटकों की तुलना में घरेलू पर्यटकों का आगमन ज्यादा है जो साल के आखिरी त्योहारी सीजन व नए साल को मनाने के लिए जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और जैसलमेर जैसे शहरों में ऐतिहासिक महत्व के स्थलों और राष्ट्रीय उद्यानों में उमड़ पड़े हैं।

राज्य की राजधानी जयपुर में लगभग 1,200 पंजीकृत होटल हैं और अधिकांश ने कहा कि वे सब बुक हो चुके हैं। टूर ऑपरेटरों ने कहा कि क्रिसमस की पूर्व संध्या से, राज्य में पर्यटन कारोबार के लिए पिछला एक सप्ताह बहुत व्यस्त रहा है। राजस्थान में पर्यटन सीजन अक्टूबर से शुरू होता है और मार्च-अप्रैल तक लोग यहां के ऐतिहासिक स्थलों, झीलों, पहाड़ों, राष्ट्रीय उद्यानों और रेगिस्तान का दौरा करते रहते हैं। हालांकि उसके बाद गर्मियां शुरू हो जाती हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आमेर किले, हवा महल, सिटी पैलेस, जयगढ़ किला और नाहरगढ़ किले में पर्यटकों की बढ़ी संख्या के साथ पिछले छह दिनों में जयपुर आने वाले पर्यटकों की संख्या लगभग 2.5 लाख रही।

राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के सचिव संजय कौशिक ने कहा, "कारोबार के लिए यह एक सुनहरा सप्ताह रहा है। यह इस तथ्य को दर्शाता है कि राजस्थान शीर्ष पर्यटन गंतव्यों में से एक है और रहेगा।"

उन्होंने पीटीआई को बताया, "जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, जैसलमेर में होटल भरे हुए हैं। अब, आगंतुक अन्य स्थलों जैसे पाली में जवाई और रणकपुर, राजसमंद में कुंभलगढ़ और सवाई माधोपुर में रणथंभौर जैसे अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आवास नहीं मिलने पर जा रहे हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)