देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के डोडा में संदिग्ध बक्सा लावारिस टिफिन बॉक्स निकला, लोगों ने ली राहत की सांस

भद्रवाह/जम्मू, 13 अगस्त जम्मू कश्मीर में डोडा जिले के भद्रवाह में खौफजदा लोगों ने तब राहत की सांस ली जब एक संदिग्ध बक्सा जिसमें बम माना जा रहा था एक लावारिस टिफिन बॉक्स निकला। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस को शुक्रवार शाम को शहर के एक व्यस्त बाजार में बॉक्स मिला था और उसे संदेह हुआ था कि स्वतंत्रता दिवस से पहले दहशत फैलाने के लिए इसे रखा गया है।

शुक्रवार को रात आठ बजे लक्ष्मी नारायण चौक पर कुछ राहगीरों को एक टिफिन बॉक्स नजर आया जिसके बाद सेरी बाजार एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गयी।

पुलिस ने तत्काल इलाके को घेर लिया और लोगों से उस जगह से दूर रहने को कहा। दुकानदारों से दुकानें बंद करने का कहा गया ।

जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के खोजी कुत्ते को टिफिन बॉक्स में कुछ होने का आभास हुआ तब डोडा से बम निरोधक दस्ते को उसकी जांच के लिए बुला लिया गया।

पुलिस अधीक्षक (भद्रवाह) आफताब आलम मीर ने कहा, ‘‘मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए हमने 300 मीटर तक के क्षेत्र को खाली करवा लिया और सभी एहतियात लेते हुए 4 राष्ट्रीय राइफल्स के बम निष्क्रय दस्ते ने छानबीन की और रात 12 बजकर 10 मिनट पर अभियान पूरा हुआ एवं सामने आया कि यह एक लावारिस टिफिन बॉक्स है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन स्थिति चार घंटे तक तनावपूर्ण रही, अब सबकुछ नियंत्रण में है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)