देश की खबरें | भाजपा का मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रति समर्थन जारी रहेगा : माकपा

नयी दिल्ली, तीन फरवरी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अपने मसौदा राजनीतिक प्रस्ताव में कहा कि वह भाजपा का मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन और अन्य क्षेत्रीय दलों के साथ सहयोग करना जारी रखेगी तथा फिर अपना जनाधार तैयार करने पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।

हाल में कोलकाता में संपन्न हुई पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में अपनाए गए मसौदा राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया कि पार्टी की ताकत बढ़ाने के लिए पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा में फिर जनाधार तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करना होगा।

मसौदा प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि ‘‘भाजपा नीत सरकार का हिंदुत्व अभियान राज्य प्रायोजित गतिविधियों के माध्यम से आक्रामक ढंग से निरंतर चल रहा है’’, जिसके उदाहरण के रूप में अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन, उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता का पारित होना और ‘अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने’ से संबंधित कई राज्यों के कानून शामिल हैं।

अपने मसौदा प्रस्ताव में माकपा ने अफसोस जताया कि चुनाव परिणामों से पता चलता है कि पार्टी का आधार और प्रभाव नहीं बढ़ा है।

माकपा ने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा, ‘‘पार्टी को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों का विरोध करते हुए भाजपा के खिलाफ राजनीतिक और वैचारिक लड़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित करना होगा।’’

मसौदा प्रस्ताव में कहा गया कि केरल में पार्टी की सबसे बड़ी इकाई और व्यापक जनाधार होने के बावजूद माकपा के राजनीतिक और वैचारिक कार्य ने भाजपा का मुकाबला करने में कमजोरी दिखाई, जैसा कि लोकसभा चुनाव के नतीजे से पता चलता है।

पार्टी ने कहा कि भाजपा-आरएसएस तथा हिंदुत्व-कॉर्पोरेट गठजोड़ से लड़ना और उन्हें हराना प्रमुख कार्य है तथा ‘हिंदुत्व सांप्रदायिकता’ के खिलाफ धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एकजुट होना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)