जम्मू, एक मई लद्दाख के करगिल सेक्टर में हिमस्खलन में जान गंवाने वाले सेना के एक जवान का बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिला स्थित उनके गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
अठारह-डोगरा राइफल्स के सिपाही हरीश सिंह के पार्थिव शरीर को पुष्पों से सजे वाहन में उनके गांव जंडोर लाया गया, जहां उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना की परंपराओं के अनुसार बंदूकों की सलामी और बिगुल की धुन बजाई गई।
सेना, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कई राजनीतिक हस्तियों ने भी जवान को श्रद्धांजलि दी।
मृतक जवान के एक परिजन सोना सिंह ने कहा, “वह देश के लिए शहीद हुए हैं। वह करगिल सेक्टर के कठिन इलाके में सीमा चौकी पर तैनात थे, जहां हिमस्खलन की वजह से उनकी जान गई। हमें उन पर गर्व है।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राजीव जसरोटिया ने भी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “वह मेरे विधानसभा क्षेत्र के वीर सपूत थे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY