देश की खबरें | मुंबई में पुरानी इमारत की छत गिरी; दो लोगों की मौत

मुंबई, 15 अगस्त मुंबई के उपनगरीय मुलुंड इलाके में सोमवार को एक मकान की छत का एक हिस्सा गिर जाने के कारण उसके मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने इस आशय की जानकारी दी।

घटना मुलुंड (पूर्व) के नानेपाड़ा इलाके में स्थित दोमंजिली इमारत ‘मोती छाया’ में हुई।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘सोमवार की रात पहली मंजिल की छत का एक हिस्सा गिर गया, जिसमें पहली मंजिल पर रहने वाले दो लोग घायल हो गए। यह ‘लेवल-1’ (ज्यादा गंभीर नहीं) की घटना थी।’’

उन्होंने बताया कि इमारत करीब 20-25 साल पुरानी थी और मुंबई नगर निकाय ने इसे लेकर एक नोटिस जारी किया था।

हादसे में घायल दोनों लोगों को तत्काल क्रिटिकल केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान देवशंकर नाथलाल शुक्ला (93) और अरखिबेन देवशंकर शुक्ला (87) के रूप में हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)