नयी दिल्ली, 23 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मिजोरम में एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के ढह जाने से हुई मौतों पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजन के लिए मुआवजे की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से ‘एक्स’ पर किए एक पोस्ट के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘मिजोरम में पुल हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मैं संवेदनाएं प्रकट करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि घटनास्थल पर राहत व बचाव अभियान जारी है और प्रभावितों को हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
पीएमओ के मुताबिक, हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
यह हादसा मिजोरम की राजधानी आइजोल से करीब 21 किलोमीटर की दूरी पर सैरांग इलाके में सुबह लगभग 10 बजे हुआ। इस हादसे में 17 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है क्योंकि घटना के वक्त वहां 35-40 मजदूर मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY