नयी दिल्ली, आठ जुलाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में दो दिवसीय विजिटर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी गयी।
बयान के अनुसार वह उसी दिन ‘नवोन्मेष’, ‘शोध’ और ‘प्रौद्योगिकी विकास’ श्रेणियों में 2021 के विजिटर पुरस्कार भी प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति 162 केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों की विजिटर हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रपति भवन 10 और 11 जुलाई, 2023 को विजिटर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।’’
सोमवार को इस सम्मेलन के प्रारंभ होने से पहले राष्ट्रपति 2021 के विजिटर पुरस्कार प्रदान करेंगी।
नवोन्मेष के लिए विजिटर पुरस्कार केंद्रीय दक्षिण बिहार विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं रसायन शास्त्र विभाग के प्रो. वेंकेटेश सिंह को, शोध के लिए विजिटर पुरस्कार हैदराबाद विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर सुरजीत धारा तथा सागर के हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के प्रो. मोहम्मद लतीफ खान को चुना गया है।
प्रौद्योगिकी विकास श्रेणी में विजिटर पुरस्कार के लिए हैदराबाद विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर केसी जेम्स राजू को चुना गया है।
सम्मेलन का विषय ‘टिकाऊ विकास के लिए शिक्षा: बेहतर भविष्य का निर्माण’ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY