देश की खबरें | उप-राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर 19 जून को पोलियो की खुराक दी जाएगी

नयी दिल्ली, 18 जून साल के प्रथम उप-राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर 19 जून को 11 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में पांच साल से कम आयु के 3.9 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, यह अभियान बिहार, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में चलाया जाएगा।

भारत सहित विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण पूर्व एशिया क्षेत्र के 10 अन्य देशों को 27 मार्च 2014 को पोलियो मुक्त प्रमाणित किया गया था। देश में पोलियो का अंतिम मामला 13 जनवरी 2011 को पश्चिम बंगाल के हावड़ा में सामने आया था।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वैश्विक स्तर पर, पोलियो का वायरस अफगानिस्तान और पाकिस्तान में स्थानिक है।

बयान में कहा गया है कि इस पोलियो अभियान के दौरान पांच साल से कम आयु के 3.9 करोड़ बच्चों को बूथ पर, घर-घर जाकर, चलंत (मोबाइल) एवं ट्रांजिट टीम के जरिये पोलियो की खुराक दिये जाने का लक्ष्य है।

इसमें कहा गया है, ‘‘बच्चों को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया करने के लिए भारत सरकार ने सुई (इंजेक्शन) के जरिये दिये जाने वाले पोलियो के टीके को भी अपने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया है। ’’

मंत्रालय ने कहा कि हालांकि भारत पोलियो मुक्त प्रमाणित हो गया है लेकिन वायरस के वैश्विक उन्मूलन होने तक वाइल्ड पोलियो वायरस के बाहर से आने या टीका जनित पोलियो वायरस का जोखिम बना हुआ है।

मंत्रालय ने कहा कि यह जरूरी है कि सभी टीके देश में हर बच्चे तक पहुंचे।

मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय पोलियो कार्यक्रम के तहत बनाई गई प्रणाली का उपयोग नियमित टीकाकरण को मजबूत करने और 90 प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण कवरेज हासिल करने में किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)