‘बाबा का ढाबा’ के मालिक Kanta Prasad को अस्पताल से मिली छुट्टी
दक्षिण दिल्ली स्थित ‘बाबा का ढाबा’ के मालिक कांता प्रसाद सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लौट आए हैं.उन्हें 17 जून को खुदकुशी की कोशिश के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने बताया था कि 81 वर्षीय प्रसाद ने शराब में नींद की गोलियां मिलाकर पी ली थीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
नयी दिल्ली, 25 जून: दक्षिण दिल्ली स्थित ‘बाबा का ढाबा’ के मालिक कांता प्रसाद सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लौट आए हैं.उन्हें 17 जून को खुदकुशी की कोशिश के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने बताया था कि 81 वर्षीय प्रसाद ने शराब में नींद की गोलियां मिलाकर पी ली थीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि प्रसाद बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लौटे और आराम कर रहे हैं.
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार प्रसाद ने पुलिस को बताया था कि उन्हें अनेक लोग फोन करके यूट्यूबर गौरव वासन से माफी मांगने के लिए कह रहे हैं. इससे वह परेशान हो गये और यह कदम उठाया. इस संबंध में अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है. प्रसाद ने घर लौटने के बाद कहा, ‘‘मुझे बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी दी गयी. मैं चाहता हूं कि वासन हमेशा खुश रहे और हमें अपने हाल पर छोड़ दीजिए.’’
यह भी पढ़ें- देश की खबरें | ‘बाबा का ढाबा’ के मालिक ने खुदकुशी की कोशिश की, अस्पताल में भर्ती
हालांकि वासन ने ‘पीटीआई ’ से कहा कि उन्हें पता नहीं कि कौन लोग प्रसाद को फोन कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कैसे पता होगा कि कौन लोग उन्हें फोन कर रहे हैं और मुझसे माफी मांगने को क्यों कह रहे हैं? जब मैंने उन्हें मीडिया में मुझसे माफी मांगते देखा तो मैं उनसे मिलने गया था. उन्होंने मुझसे खेद जताया. मुझे बुरा लगा और कहा कि वह बड़े हैं और ऐसा नहीं करें.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2021 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

