देश की खबरें | सीजीएचएस के दायरे में आने वाले शहरों की संख्या वर्तमान 80 से बढ़ाकर 100 की जाएगी: मांडविया

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा कि देश में केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) के दायरे में आने वाले शहरों की संख्या आगामी दिनों में वर्तमान 80 से बढ़ाकर 100 की जाएगी।

मांडविया ने शुक्रवार को दिल्ली में राष्ट्रीय क्षय रोग और श्वसन रोग संस्थान में सीजीएचएस के तीन वेलनेस केंद्र और एक रोबोटिक सर्जरी इकाई का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में अलकनंदा, रोहिणी सेक्टर-6 और वसंत विहार में तीन वेलनेस केंद्र स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगे। मंत्री ने कहा कि सीजीएचएस के तहत 341 वेलनेस केंद्र हैं जिनसे 44 लाख लोग लाभ उठा रहे हैं।

मांडविया ने कहा, ‘‘सरकार द्वारा किए गए सुधारों के कारण सीजीएचएस के दायरे में आने वाले शहरों की संख्या 2014 में 25 से बढ़कर अब 80 हो गई है। अब जल्द ही भारत के 100 शहरों में ये केंद्र होंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य है कि सीजीएचएस लाभार्थियों को उनके घर के पास स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और देश के सुदूर कोनों तक ये पहुंचें।’’

मांडविया ने कहा, ‘‘क्षय रोग से पीड़ित रोगियों के लिए सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से रोबोटिक सर्जरी कारगर होगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)