देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में कैप्टन शुभम गुप्ता के शहीद होने की खबर से शोक की लहर फैली

आगरा (उप्र), 23 नवंबर जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में कैप्टन शुभम गुप्ता के जान गंवाने पर उनके पैतृक स्थान आगरा में शोक की लहर फैल गयी।

कैप्टन शुभम के जान गंवाने की खबर फैलने पर उनके शुभेच्छु, गणमान्य लोग और पड़ोसी शोक व्यक्त करने उनके घर पर पहुंचे।

राजौरी में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में चार सैन्यकर्मी को जान गंवानी पड़ी थी । उनमें आगरा के कैप्टन शुभम गुप्ता भी शामिल हैं।

इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैप्टन शुभम गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के लिए 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

आगरा के लोकसभा सदस्य केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एस पी सिंह बघेल शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करने के लिए फतेहपुर सिकरी (आगरा ग्रामीण) के सांसद राजकुमार चहार और अन्य स्थानीय नेताओं के साथ उनके घर पहुंचे।

शुभम 2015 में सेना में भर्ती हुए थे। उन्हें 2018 में कमीशन मिला था। उनकी पहली तैनाती ऊधमपुर में हुई थी।

शुभम से दिवाली पर परिवार के लोगों ने वीडियो कॉल पर बात की थी। तब उन्होंने अगले सप्ताह आने की बात कही थी। वह 27 साल के अविवाहित थे।

वह छह महीने पहले आगरा आए थे। परिवार के साथ आगरा में शुभम ने अपना 26 वां जन्मदिन मनाया था।

यहां प्रतीक एन्क्लेव में रहने वाले कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता जिला शासकीय अधिवक्ता बसंत गुप्ता की आंखें नम हैं और गला भरा हुआ है।

उनका कहना है कि दो दिन पहले बेटे से बात हुई थी, तब उसने बताया था , ‘‘मैं एक बड़े मिशन पर हूं। मिशन पूरा होने के बाद मैं शादी कर लूंगा।’’

बसंत गुप्ता ने कहा, ‘‘मैं जब भी बेटे से कहता था कि अब शादी कर लो तो वह कहता था कि बड़ा काम है, पूरा होने के बाद शादी करुंगा। ’’

कैप्टन शुभम गुप्ता का पार्थिव शरीर कल यानी शुक्रवार को आगरा लाये जाने की उम्मीद है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव कुआं खेड़ा में होगा।

स्थानीय निवासी जय भारद्वाज ने कहा, ‘‘यह हमारे शहर के लिए बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर उनके परिवार को यह भारी नुकसान सहने की शक्ति प्रदान करे। कैप्टन शुभम गुप्ता ने इतनी कम उम्र में देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर पूरे शहर को गर्व से भर दिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)