इंफाल, एक फरवरी मणिपुर सरकार ने शनिवार को कांगपोकपी जिले में अफीम की अवैध खेती को नष्ट करने गए सुरक्षा दल पर भीड़ द्वारा किये गए हमले की निंदा की है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
विज्ञप्ति के मुताबिक, इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसमें कहा गया है, ‘‘घटना की आगे की जांच के लिए सैकुल पुलिस थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। सरकार ने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है और भीड़ की हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा की है। अजंग खोंगसाई सहित सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जो गांव और घटना दोनों से जुड़े हैं।’’
विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘ सरकार राज्य भर में अफीम की अवैध खेती पर कार्रवाई जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में बाधा डालने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगी।’’
कांगपोकपी जिले में अफीम की अवैध खेती को नष्ट करने गए सुरक्षा दल पर करीब 80 लोगों की भीड़ ने शुक्रवार को हमला कर दिया था और चार वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
यह घटना लहुंगजांग पर्वत श्रृंखला में घटी जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस के जवान गए हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY