कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया,''सुधीर कुमार सिंह नामक व्यक्ति के घर सुबह आठ बजे एक व्यक्ति आया और उसके भाई को बताया कि वह सुधीर का दोस्त है । उस समय सिंह नहा रहे थे, इस अनजान व्यक्ति ने इंतजार किया और चाय पी। इसके बाद जैसे ही सिंह बाहर आये इस व्यक्ति ने उन्हें गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गयी ।''
उन्होंने बताया कि महिलाओं के रोने की आवाज सुनकर गांव वाले एकत्र हो गये, तब आरोपी छत पर चढ़ गया और गोलियां चलाने लगा । तभी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गयी लेकिन वह गोलियां चलाता रहा । पुलिस ने भी एक दूसरे मकान की छत से जवाब में गोलियां चलानी शुरू की तब वह नीचे आया और एक कमरे में छिपने का प्रयास करने लगा । तब तक गांव वालों ने उसे धर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने नीचे आकर उस व्यक्ति को पकड़ा तब तक वह मर चुका था ।
यह भी पढ़े | Madhya Pradesh Stamp Duty: महाराष्ट्र के बाद शिवराज सरकार ने भी स्टाम्प ड्यूटी 1 फीसदी घटाई.
पुलिस दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिये ले गयी ।
तरयासुजान थाने के अध्यक्ष हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि हत्यारोपी 22 से 25 साल के बीच का है । उसके भाई ने पुलिस को बताया कि उसका नाम आर्यमान यादव है और वह गोरखपुर के नन्दा नगर दरगाही का रहने वाला है ।
पुलिस ने बताया कि सुधीर सिंह बिहार में अध्यापक थे । हत्या के कारणों का अभी तक पता नही चल सका है ।
उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद कर ली गयी है । पुलिस अधीक्षक से पूछा गया कि एक वायरल वीडियो में देखा गया कि हत्यारोपी की पुलिस की मौजूदगी में पिटाई हो रही है, इस पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, सभी पहलुओं पर जांच की जायेंगी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY