देश की खबरें | प्रेमी युगल ने खेत में चुन्नी से फंदा लगाकर दी जान

भिवानी (हरियाणा), 14 अप्रैल हरियाणा में चरखी दादरी के गांव रावलधी की बनी में एक प्रेमी युगल ने खेत में चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी।

दोनों मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे और बुधवार रात करीब नौ बजे उनके शव बरामद हुए। दोनों रावलधी गांव के रहने वाले थे और एक ही जाति से थे।

सदर थाना पुलिस ने गुरुवार दोपहर बाद रोहतक पीजीआई में दोनों के शव का पोस्टमार्टम करवाया। इस संबंध में पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार गांव रावलधी निवासी नवीन (20) और मोनू (18) के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दोनों अपने-अपने घर से निकले थे। रात तक दोनों के परिजन उनका इंतजार करते रहे। बुधवार सुबह उनकी तलाश शुरू की गई।

इसके बाद दोनों के परिजनों ने शाम करीब चार और पांच बजे उनकी गुमशुदगी की शिकायत दी। इस आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों के शव खातीवास रोड पर करीब 200 मीटर अंदर एक कीकर के पेड़ से लटके मिले।

पुलिस टीम के साथ मौजूद दोनों के परिजनों ने शवों की शिनाख्त कर ली। देर रात ही एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों के शव के निरीक्षण के बाद पुलिस टीम का अनुमान है कि प्रेमी युगल ने मंगलवार दोपहर आत्महत्या की थी। बुधवार रात तक घटना का पता चला और तब तक गर्मी के चलते दोनों के शव की हालत खराब हो चुकी थी। इसके कारण गुरुवार सुबह दादरी सिविल अस्पताल से उनके शव पोस्टमार्टम के लिए रोहतक स्थित पीजीआई भेजे गए। पुलिस जांच में भी दोनों के प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)