इम्फाल, 22 फरवरी मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने शनिवार को कांगपोकपी और सेनापति जिलों का दौरा किया और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। राजभवन की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
उन्होंने कांगपोकपी और सेनापति जिलों में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) केंद्रों का भी उद्घाटन किया।
बयान के अनुसार कांगपोकपी जिले में राज्यपाल ने प्रेसीडेंसी कॉलेज का दौरा किया और कॉलेज परिसर में एक आईटी केंद्र का उद्घाटन किया तथा कॉलेज के छात्रों से बातचीत की।
बयान में कहा गया है कि इसके बाद भल्ला जिला मुख्यालय कांगपोकपी गये, जहां उन्होंने उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अन्य जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
इसके अनुसार राज्यपाल ने विभिन्न योजनाओं जैसे - जल जीवन मिशन, न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) के तहत परियोजनाएं, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के कार्यान्वयन के बारे में जानकारी ली।
बयान के अनुसार भल्ला ने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों से जारी राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाओं की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।
राज्यपाल ने सेनापति जिला मुख्यालय शहर का भी दौरा किया और उपायुक्त कार्यालय परिसर में एक आईटी केंद्र का उद्घाटन किया तथा डीसी, एसपी और अन्य जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली तथा जिला प्रशासन के समक्ष आ रही समस्याओं को भी सुना।
बयान के अनुसार दोनों जिलों में राज्यपाल ने नागरिक समाज संगठनों (सीएसओ) के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY