देश की खबरें | कर्नाटक सरकार की मादक पदार्थों के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता’ है: गृह मंत्री परमेश्वर

बेंगलुरु, 17 मार्च कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि सरकार मादक पदार्थों के प्रति कत्तई बर्दाश्त नहीं की नीति अपनाती है। इसके साथ ही उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी दो महिलाओं को गिरफ्तार कर 75 करोड़ रुपये मूल्य की 37.870 किलोग्राम एमडीएमए बरामद करने के लिए मंगलुरु पुलिस की सराहना की।

परमेश्वर ने कहा कि राज्य में नशे की समस्या को समाप्त करने के लिए पुलिस विभाग लगातार प्रयास कर रहा है और आने वाले दिनों में इस संबंध में और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही परमेश्वर ने विधानसभा को सूचित किया कि मंगलुरु पुलिस ने 75 करोड़ रुपये मूल्य की एमडीएमए जब्त की है।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस लंबे समय से इसके परिवहन पर दिल्ली से नजर रख रही थी। इसे राज्य में एक बार में सबसे भारी मात्रा में पकड़ी गई मादक पदार्थ की खेप बताया जा रहा है। इसलिए मैं सदन को इस बारे में सूचित करना चाहता था और मैं अधिकारियों को बधाई भी देता हूं।’’

दक्षिण अफ्रीका के एगबोविल्ले निवासी बंबा फैंटा उर्फ ​​एडोनिस जाबुलिले (31) और अबीगैल एडोनिस उर्फ ​​ओलिजो इवांस (30) नामक दो महिलाओं को मंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों महिलाओं ने मादक पदार्थ बेचने के लिए पिछले छह महीनों में नयी दिल्ली से बेंगलुरु की 59 यात्राएं की थीं।

बेलथांगडी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हरीश पुंजा ने भी मंगलुरु पुलिस की सराहना की और गृह मंत्री से अनुरोध किया कि वे सुनिश्चित करें कि पुलिस अधिक प्रभावी हो और उसे मजबूत बनाया जाए।

जनता दल (एस) विधायक बालकृष्ण ने सरकार से अपील की कि वह राज्य में मादक पदार्थों के खतरे को नियंत्रित करने के लिए और अधिक कड़े कदम उठाए, जबकि कांग्रेस विधायक नारायणस्वामी ने मादक पदार्थों के माफिया के खिलाफ उठाए गए कदमों के लिए अधिकारियों की सराहना की।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने इस बात पर प्रकाश डाला कि मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क अब तालुका स्तर तक फैल चुका है और जब्त किए गए मादक पदार्थों को फिर से बाजार में बेचे जाने की खबरें हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)