देश की खबरें | पंजाब मंत्रिमंडल का विस्तार दो-चार दिन में, संजीव अरोड़ा बनेंगे मंत्री: मान

चंडीगढ़, 24 जून पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार दो-चार दिन में हो जाएगा और लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में जीते संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाया जाएगा।

आम आदमी पार्टी (आप) ने हाल में हुए उपचुनाव में लुधियाना पश्चिम सीट पर कब्जा बरकरार रखा। अरोड़ा ने इस सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु के खिलाफ 10,637 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

‘आप’ विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के कारण 19 जून को उपचुनाव कराना पड़ा था। परिणाम सोमवार को घोषित किया गया।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में मान ने कहा कि यह दो-चार दिन में हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने लुधियाना पश्चिम सीट के मतदाताओं से वादा किया था कि यदि वे संजीव अरोड़ा को चुनेंगे तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या मंत्रिमंडल में बदलाव होगा या विभागों में परिवर्तन होगा, उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है।

वर्तमान में कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 16 मंत्री हैं। पंजाब कैबिनेट में अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं।

उपचुनाव में जीत के बाद अरोड़ा अब राज्यसभा सदस्य के पद से इस्तीफा देंगे।

यह पूछे जाने पर कि अरोड़ा की जगह किसे राज्यसभा भेजा जाएगा, मान ने कहा, "इस पर विचार करना चाहिए। यह कोई ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो पंजाब के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सके।"

इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट किया था कि अरोड़ा के उपचुनाव जीतने के बाद वह (केजरीवाल) राज्यसभा नहीं जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)