देश की खबरें | हिमाचल के अगले मुख्यमंत्री को लेकर फैसला आला कमान करेगा: अनुराग ठाकुर

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत मिलने की स्थिति में अगले मुख्यमंत्री के चयन का फैसला पार्टी आला कमान करेगा।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने बुधवार को 62 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के बारे में सवाल किए जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘भले ही हिमाचल हो या कोई अन्य राज्य, इस संबंध में फैसला पार्टी आला कमान करता है।’’

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। मतगणना आठ दिसंबर को होगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस की चुनौती से पार पाकर चुनाव जीतने की उम्मीद कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतने का भरोसा जताया और दावा किया कि चुनावों में विपक्षी कांग्रेस की हार का सिलसिला जारी रहेगा।

ठाकुर ने कहा, ‘‘कांग्रेस को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा में सफलता की उम्मीद थी, लेकिन हमें कांग्रेस कहीं नजर नहीं आई। उनकी जमानत भी जब्त हो गई। हम देखेंगे कि यहां हिमाचल में क्या होता है।’’

हमीरपुर से लोकसभा सदस्य ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में ‘दोहरे इंजन’ की सरकार ने इस पर्वतीय राज्य के समग्र विकास के लिए काम किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा पूर्ववर्ती चुनाव के अधिक सीट जीतकर सरकार बनाएगी।’’

ठाकुर ने मल्लिकार्जुन खरगे को कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।

भाजपा नेता ने साथ ही कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष चुनाव में वोट खारिज हुए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘कितने वोट खारिज हुए, कितने वोट गलत तरीके से डाले गए। इससे भी सवाल खड़े होते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)