देश की खबरें | राजसमंद में एक बुजुर्ग महिला का शव मिला, हत्या की आशंका

जयपुर, तीन जुलाई राजस्थान के राजसमंद जिले के केवला थाना क्षेत्र में एक 65 वर्षीय महिला का शव पाया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के केलवा थाना क्षेत्र के पडासाली गांव में हुई जहां सोहनी देवी (65) का शव उसके आवास के अंदर खून से लथपथ पड़ा मिला।

राजसमंद के पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने कहा, ‘‘ यह मामला पुरानी दुश्मनी या जमीन विवाद का लग रहा है। घटना के वक्त महिला घर पर अकेली थी। यह लूट का मामला नहीं लग रहा है।"

पुलिस ने बताया कि महिला अपने बड़े बेटे के साथ उसके घर पर खाना खाकर घर लौटी थी। पड़ोसियों ने सोमवार की सुबह जब सोहनी देवी को बुलाया और वह बाहर नहीं आईं, तो लोगों ने उनके घर में जाकर देखा जहां वह मृत पड़ी थीं।’’

पुलिस ने हत्या स्थल का निरीक्षण करने और अपराध से संबंधित सबूत एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों, एक श्वान दस्ते और एक साइबर पुलिस टीम को भेजा है।

कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)