जयपुर, पांच मई जयपुर की एक अदालत ने भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के विधायक जयकृष्ण पटेल और बिचौलिए विजय कुमार को सोमवार को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी विधायक और उनके बिचौलिए को जयपुर की भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें दो दिन की पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया।
वहीं, अदालत से बाहर निकलते समय बागीदौरा से विधायक पटेल ने मीडिया से कहा कि वह रिश्वतखोरी के मामले में शामिल नहीं हैं और उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
एसीबी ने विधायक पटेल व विजयकुमार को रविवार को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि पटेल ने विधानसभा में उठाए गए खनन से जुड़े सवालों को वापस लेने के लिए एक खदान मालिक से 2.5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी।
ब्यूरो ने शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन किया और कल जयपुर में विधायक क्वार्टर परिसर में कथित रूप से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 लाख रुपये लेते हुए विधायक को पकड़ लिया।
हालांकि एसीबी का दावा है कि विधायक ने नकदी से भरा बैग अपने साथ मौजूद एक व्यक्ति को सौंप दिया जो बैग लेकर भागने में सफल रहा।
विधायक के कथित बिचौलिए विजय कुमार को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी ने आज जयपुर में एक स्थान से नकदी बरामद की। एसीबी ने घटना के संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।
पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY