देश की खबरें | धनबाद अग्निकांड जान गंवाने वाले सभी लोगों के शवों की शिनाख्त हुई

धनबाद, एक फरवरी झारखंड के धनबाद में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले सभी 14 लोगों के शवों की बुधवार को पहचान कर ली गई और पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।

शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय के मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर यू के ओझा ने मीडिया को बताया कि बुधवार देर शाम तक सभी 14 मृतकों के शवों की उनके परिजनों ने पहचान कर ली जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शवों को उनके परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

धनबाद के जोड़ाफाटक शक्ति मंदिर रोड स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार शाम आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

जिले के एक अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में रखा गया था।

अस्पताल की दीवार पर शवों की तस्वीरें चिपकाई गई थीं और मृतकों के परिजनों से उनकी शिनाख्त करने को कहा गया था।

अधिकारियों ने बताया कि परिवार के सदस्यों को शुरू में शवों की पहचान करने में मुश्किल हो रही थी, क्योंकि शव बुरी तरह से झुलसे हुए थे, लेकिन बाद में उन्होंने आभूषणों और कपड़ों की मदद से शवों की शिनाख्त की।

ओझा ने ‘पीटीआई ’ को बताया कि एक महिला के शव की पहचान उसकी साड़ी के आधार पर की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)