देश की खबरें | सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप, प्रशासन ने हटाया

गरियाबंद, 13 सितंबर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक सरकारी स्कूल की छात्राओं ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया, आरोप के बाद प्रशासन ने प्राचार्य को हटा दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने आरोपों की जांच के लिए एक दल का गठन किया है, जो अगले दो दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपेगा।

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि मैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरदाकला गांव के शासकीय हाई स्कूल की लगभग 25 छात्रायें मंगलवार को अपने माता-पिता के साथ यहां कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और प्राचार्य के खिलाफ कलेक्टर को शिकायत सौंपी।

शिकायत में छात्राओं ने दावा किया कि प्राचार्य ने आठ सितंबर को स्कूल में उनके साथ छेड़छाड़ की थी और दुर्व्यवहार किया और कथित तौर पर वह पहले भी उनके साथ ऐसा ही कृत्य कर चुका है।

शिकायत में दावा किया गया है कि जब छात्राओं ने उसके कृत्य का विरोध किया तब प्राचार्य ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और उन्हें टीसी (स्थानांतरण प्रमाणपत्र) देकर स्कूल से निकालने की धमकी दी।

छात्राओं ने एक सप्ताह के भीतर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जिले के सहायक आयुक्त (आदिवासी विभाग) नवीन भगत ने बताया कि शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने तुरंत आदिवासी विभाग को मामले की जांच करने का आदेश दिया, जिसके बाद तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्राचार्य को स्कूल से हटा दिया गया है तथा पीपरछेड़ी गांव के एक स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

भगत ने बताया कि मैनपुर खंड शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में जांच दल अगले दो दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगा तथा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)