देश की खबरें | हैदराबाद में जी20 बैठक से पहले तेलंगाना के डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था पर उच्चस्तरीय बैठक की

हैदराबाद, 17 जनवरी हैदराबाद में 28 जनवरी से 17 जून तक होने वाली जी20 कार्य समूह की बैठक से पहले तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक अंजनी कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जी-20 सुरक्षा समन्वय समिति की बैठक हुई।

जी20 दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतर-सरकारी मंच है। भारत ने एक दिसंबर 2022 को आधिकारिक तौर पर जी20 की अध्यक्षता संभाली थी।

राष्ट्राध्यक्षों या शासनाध्यक्षों के स्तर का अगला जी20 शिखर सम्मेलन इस साल 9 और 10 सितंबर को नयी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

कुमार ने बताया कि इस शिखर सम्मेलन से पहले देश के 56 शहरों में जी20 कार्य समूह की 215 बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें से छह बैठकें हैदराबाद में होंगी।

उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हैदराबाद में विभिन्न मंत्रालयों के मार्गदर्शन में जी20 कार्य समूह की पहली बैठक 28 जनवरी को, जबकि बाकी बैठकें छह-सात मार्च, 26, 27, 28 अप्रैल, सात, आठ, नौ जून और 15, 16, 17 जुलाई को आयोजित की जाएंगी।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इन बैठकों में मंत्री, सचिव, संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि जी20 कार्य समूह की बैठकों को सुचारू रूप से और बिना किसी सुरक्षा समस्या के संपन्न कराने के लिए विभिन्न सुरक्षा विभागों के बीच समन्वय जरूरी है।

कुमार के मुताबिक, चूंकि इन बैठकों में हिस्सा लेने वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों को शहर के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों का दौरा करने का मौका भी मिलेगा, इसलिए यह सुझाव दिया गया है कि उक्त स्थलों पर व्यापक सुरक्षा उपाय किए जाएं।

उन्होंने बताया कि हैदराबाद और साइबराबाद के पुलिस आयुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे मुख्य रूप से हवाई अड्डे, होटल (जहां प्रतिनिधि ठहरेंगे) और बैठक वाले क्षेत्रों में सरक्षा के व्यापक इंतजाम करें।

कुमार ने कहा कि हवाई अड्डे के साथ-साथ शहर में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाने चाहिए।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जी-20 सुरक्षा समन्वय बैठक में राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अलावा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसआरडीएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और अन्य सुरक्षा विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)