हैदराबाद, आठ मार्च तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की प्रशंसा करते हुए कहा कि हैदराबाद के सांसद देशभर के नागरिकों की आवाज संसद में उठाते हैं।
ओल्ड सिटी मेट्रो परियोजना की आधारशिला रखने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, रेड्डी ने कहा कि ओवैसी उन कुछ सांसदों में से एक हैं जो न केवल अल्पसंख्यक समुदायों बल्कि सभी 140 करोड़ भारतीयों के लिए आवाज उठाते हैं।
रेड्डी की टिप्पणियां महत्वपूर्ण हैं क्योंकि कांग्रेस ने बार-बार एआईएमआईएम को भाजपा की ‘बी टीम’ करार दिया है और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के साथ ‘‘गठजोड़’’ करने के लिए भी इसकी आलोचना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘असदुद्दीन ओवैसी साहब, उनके भाई और पार्टी विधायकों को हराने के प्रयासों के बावजूद वे (हैदराबाद के पुराने शहर क्षेत्र से) लगातार जीत रहे हैं। यहां तक कि मैंने चुनाव के दौरान उन्हें हराने की भी कोशिश की, लेकिन यह संभव नहीं हो सका।’’
मुख्यमंत्री ने कहा राजनीतिक दल विचारधारा के आधार पर चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि चुनाव खत्म होने के बाद वे विकास पर ध्यान केंद्रित करें।
रेड्डी ने शहर के विकास और मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए एआईएमआईएम का समर्थन मांगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लंदन में टेम्स नदी परियोजना की तर्ज पर शहर में मुसी नदी को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह को असदुद्दीन ओवैसी ने भी संबोधित किया और रेड्डी को शहर के विकास के लिए अपनी पार्टी की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY