नयी दिल्ली, 10 अगस्त भाजपा की तेलंगाना इकाई के नेता एन.वी.एस.एस. प्रभाकर ने बृहस्पतिवार को निर्मला सीतारमण सहित चार केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की और राज्य की वित्तीय स्थिति जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक प्रभाकर ने वित्त मंत्री सीतारमण से उनके राज्यसभा कार्यालय में मुलाकात की और राज्य सरकार की “गलत” आर्थिक नीतियों और राज्य की वित्तीय स्थिति को उजागर किया।
उन्होंने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि सीतारमण के साथ अपनी बैठक में प्रभाकर ने उन्हें बताया कि कैसे तेलंगाना सरकार अपने राजस्व को बढ़ाने के लिए पूरी तरह से शराब की बिक्री और सरकारी भूमि का निपटान करने पर निर्भर है, और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के वास्ते आवंटित केंद्र सरकार के धन का इस्तेमाल दूसरे मदों में किया जा रहा है।
प्रभाकर ने कहा, “राज्य सरकार केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए अपने हिस्से का धन आवंटित करने में विफल रही है...जिससे रोजगार के अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं।”
तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार है। बीआरएस को पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति के नाम से जाना जाता था, जिसके मुखिया मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव हैं।
उन्होंने अन्य मंत्रियों से मुलाकात के दौरान भी राज्य की समस्याओं को सामने रखा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY