नयी दिल्ली, 22 मई आंध्र प्रदेश की गुंटूर लोकसभा सीट से तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के उम्मीदवार चंद्रशेखर पेम्मासानी के पास 5,705 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ रहे 8,360 उम्मीदवारों में सबसे अधिक है।
यह जानकारी चुनावी हलफनामों का विश्लेषण करने वाले संगठन ‘एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के आंकड़ों से सामने आई।
पड़ोसी राज्य तेलंगाना में चेवेल्ला सीट से चुनाव लड़ने वाले भाजपा के कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने 4,568 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जबकि दक्षिण गोवा से भाजपा उम्मीदवार पल्लवी श्रीनिवास डेम्पो के पास 1,361 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
एडीआर के विश्लेषण के अनुसार, हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार उद्योगपति नवीन जिंदल ने 1,241 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है तथा मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के नकुलनाथ के पास 716 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से तेदेपा उम्मीदवार प्रभाकर रेड्डी वेमीरेड्डी ने भी 716 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है।
विश्लेषण के अनुसार, तमिलनाडु की इरोड लोकसभा सीट से अन्नाद्रमुक के अशोक कुमार के पास 662 करोड़ रुपये, कर्नाटक के मांड्या से कांग्रेस के वेंकटरमणे गौड़ा उर्फ 'स्टार चंद्रू' के पास 622 करोड़ रुपये तथा कर्नाटक की बेंगलुरु ग्रामीण सीट से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार डी के सुरेश के पास 593 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश के गुना से भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 424 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है तथा ओडिशा के कटक से बीजद के संतृप्त मिश्रा ने 482 करोड़ रुपये और महाराष्ट्र के कोल्हापुर से कांग्रेस के छत्रपति शाहू शाहजी ने 342 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है।
विश्लेषण के अनुसार, अभिनेत्री से नेता बनीं और उप्र के मथुरा से भाजपा की उम्मीदवार हेमा मालिनी ने 278 करोड़ रुपये और उप्र के ही झाँसी से भाजपा उम्मीदवार अनुराग शर्मा ने 212 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है।
लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में हो रहा है। दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया के लिए मतों की गिनती चार जून को होगी।
पांच दौर का मतदान पूरा हो चुका है। छठे और सातवें चरण का मतदान 25 मई तथा एक जून को होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY