अमरावती, 11 सितंबर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) द्वारा आहूत राज्यव्यापी बंद के आह्वान को सोमवार को कुछ खास तवज्जो नहीं मिली और राज्य के कई हिस्सों में कामकाज सामान्य रहा।
पुलिस के अनुसार, किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है और विशाखापत्तनम तथा चित्तूर में कुछ लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि करीब 80 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पूर्वी गोदावरी जिले में स्थिति शांतिपूर्ण रही, जहां केंद्रीय जेल स्थित है। तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू फिलहाल इसी जेल में बंद हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) पी. जगदीश ने कहा कि एहतियातन कुछ गिरफ्तारियां की गई हैं।
चित्तूर जिले के एसपी वाई एस रेड्डी ने कहा कि पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
विजयवाड़ा की एक स्थानीय अदालत ने तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार मामले में रविवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
पुलिस ने राज्य में कुछ स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे तेदेपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर दिया तथा कई वरिष्ठ नेताओं को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया।
आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) के सूत्रों के अनुसार, शहर के लिए और लंबे मार्गों सहित निगम की बसें सामान्य दिनों की तरह चल रही हैं तथा जिले में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और सरकारी कॉलेज सहित सभी सरकारी कार्यालय खुले रहे।
हालांकि, कुछ निजी स्कूल ने बंद को देखते हुए छुट्टी की घोषणा की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY