देश की खबरें | तेदेपा ने आंध्र में मतदाता सूची से फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने की निर्वाचन आयोग से मांग की

नयी दिल्ली, 28 अगस्त तेलुगुदेशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस चुनावी प्रक्रियाओं का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने आरोपों की जांच के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) से राज्य का दौरा करने की अपील की।

नायडू ने यहां निर्वाचन आयोग (ईसी) से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपकर यह सुनिश्चित करने की मांग की कि सभी पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाए और मृत तथा "फर्जी" मतदाताओं के नामों को सूची से हटाया जाए।

उन्होंने मतदाताओं से जुड़ी जानकारी और आधार संख्या निजी एजेंसियों को कथित रूप से "स्थानांतरित" किए जाने की भी जांच की मांग की।

उन्होंने आयोग से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि ग्राम/वार्ड सचिवालयम कर्मचारियों के बजाय शिक्षकों और अन्य विभाग के कर्मचारियों को चुनावी कार्यों के लिए तैनात किया जाए।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने नियमित निगरानी, आकलन और उपचारात्मक कदम उठाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ एक समिति के गठन की भी मांग की।

नायडू ने यह आरोप भी लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उनके खिलाफ मामले दर्ज किये जा रहे हैं।

बाद में, संवाददाताओं से बातचीत में नायडू ने राज्य की मतदाता सूची से फर्जी प्रविष्टियों को हटाने के लिए आधार पहचान सहित प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर जोर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)