नयी दिल्ली, 26 जून वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि सरकारी खरीद पोर्टल जीईएम के संचालन और रखरखाव का जिम्मा देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी टीसीएस को दिया गया है।
केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों और विभागों के लिये वस्तुओं और सेवाओं की ऑनलाइन खरीद को लेकर सरकारी ई-मार्केट (जीईएम) पोर्टल की शुरूआत नौ अगस्त, 2016 को की गयी थी।
गोयल ने कहा कि उनका मंत्रालय व्यवस्था में लगातार सुधार का प्रयास कर रहा है।
जीईएम पुरस्कार समारोह में गोयल ने कहा, ‘‘अब हम एक नया अनुबंध भी किया है। इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में हम एक नई प्रणाली विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं, जो अधिक समसामयिक, आधुनिक होगी। हम संचालन को आसान बनाने और आपको (खरीदार और विक्रेता) खरीण निर्णय में मदद को लेकर आंकड़ा विश्लेषण उपलब्ध कराने के लिये काम कर रहे हैं...इसके लिये टीसीएस ने अनुबंध जीता है।’’
गोयल ने यह भी कहा कि वस्तुओं और सेवाओं की खरीद के लिये केंद्र और राज्य विभागों के इस पोर्टल के उपयोग से करदाताओं के पैसे बचाने में भी मदद मिल रही है, जिसका उपयोग सार्वजनिक कल्याण परियोजनाओं के लिये किया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि जीईएम से वस्तुओं और सेवाओं की खरीद चालू वित्त वर्ष में तीन लाख करोड़ रुपये पहुंच जाने का अनुमान है।
बीते वित्त वर्ष 2022-23 में यह दो लाख करोड़ रुपये को पार कर गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY