जरुरी जानकारी | देश में लॉजिस्टिक दक्षता, वैश्विक रैकिंग में सुधार को लेकर लक्षित कार्ययोजना बनायी गयी

नयी दिल्ली, सात दिसंबर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश की लॉजिस्टिक दक्षता और वैश्विक रैकिंग में सुधार को लेकर विभिन्न विभागों के साथ लक्षित कार्ययोजना साझा की गयी है और व्यापक स्तर पर आंकड़े तैयार किये जा रहे हैं।

वाणिज्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने एक बयान में कहा कि इन प्रयासों से विश्व बैंक की लॉजिस्टिक प्रदर्शन सूचकांक (एलपीआई) में भारत की रैंकिंग में सुधार होगा।

विश्व बैंक की टीम को भारत की लॉजिस्टिक दक्षता में सुधार के लिए उठाये जा रहे कदमों और आगामी उपायों तथा सुधारों के बारे में जानकारी देने को लेकर बुधवार को यहां डीपीआईआईटी में विशेष सचिव (लॉजिस्टिक) सुमिता डावरा की अध्यक्षता में एक बैठक हुई।

बैठक में लॉजिस्टिक प्रदर्शन सूचकांक टीम के नोडल अधिकारी शामिल हुए। इसमें नागर विमानन, रेलवे, बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग, अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) तथा राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास लि. (एनआईसीडीसी) तथा विश्वबैंक के प्रतिनिधि शामिल थे।

बयान के अनुसार, ‘‘विभिन्न मंत्रालयों/विभागों ने लक्षित कार्ययोजना को साझा किया। साथ ही देश की लॉजिस्टिक दक्षता में सुधार के लिए व्यापक स्तर पर आंकड़े तैयार किये जा रहे हैं। इन प्रयासों से विश्व बैंक एलपीआई में भारत की रैंकिंग में सुधार होगा।’’

बैठक के दौरान, मंत्रालयों/विभागों की तरफ से अपनाई गई बेहतर गतिविधियों की जानकारी दी गयी। इससे दक्षता में सुधार लाने में मदद मिल रही हैं।

जो उपाय और सुधार किये गये हैं, उनमें संचालन को डिजिटल करने और एलपीएआई द्वारा एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) पर सभी संबद्ध पक्षों के बीच सूचना के सुरक्षित इलेक्ट्रॉनिक प्रवाह की सुविधा को लेकर भूमि बंदरगाह प्रबंधन प्रणाली (एलपीएमएस) का कार्यान्वयन शामिल है। साथ ही, रेल मंत्रालय ने रेलवे ट्रैक के 100 प्रतिशत विद्युतीकरण की योजना बनाई है।

बयान के अनुसार, ‘‘नागर विमानन मंत्रालय में ई-एयर वे बिल (ई-एडब्ल्यूबी) और ई-कार्गो सुरक्षा घोषणा जैसे डिजिटल उपाय भी किये गये हैं। ई-गेटपास का कार्यान्वयन सितंबर, 2024 में होना है।’’

डावरा ने कहा कि लक्षित हस्तक्षेप वाले इन उपायों से देश में लॉजिस्टिक दक्षता में सुधार होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)