देश की खबरें | तमिलनाडु : पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

नागरकोइल (तमिलनाडु), 20 दिसंबर तमिलनाडु में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी और अंग काटकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया, जिस दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अंजुग्राम के पलकुलम निवासी मरीमुथु ने बृहस्पतिवार रात अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके टुकड़े कर तीन थैलों में भर दिया।

उन्होंने बताया कि शव के टुकड़े लेकर जब वह अपने किराये के घर से बाहर निकला, तो कुछ कुत्ते थैलों से बहते खून की गंध महसूस होने पर भौंकने लगे।

अधिकारी के मुताबिक, मरीमुथु के पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने उससे पूछताछ की।

उन्होंने बताया कि पड़ोसियों को मरीमुथु द्वारा ले जाए जा रहे बैग में से एक में महिला के कटे हुए अंग मिले, जिसे देखकर वे हैरान रह गए।

अधिकारी के अनुसार, पड़ोसियों ने तुरंत अंजुग्रामम पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने महिला के शरीर के अंगों से भरे बैग को जब्त कर लिया। उन्होंने कहा कि बाद में पता लगा कि उस बैग में मरीमुथु की पत्नी के अंग थे।

पुलिस ने बताया कि मरीमुथु ने अपनी पत्नी के साथ झगड़े होने के बाद उसकी हत्या करने की बात कबूल की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)