चेन्नई, 10 अगस्त सोशल मीडिया पर नौ साल की बच्ची पर गाय के हमले का वीडियो वायरल होने के बाद गाय के मालिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन ने गाय के मालिक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया और गाय व उसके बछड़े को नगर निकाय की पशुशाला में निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने बताया कि वीडियो में गाय बच्ची पर हमला करती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना नौ अगस्त को उस वक्त की है, जब बच्ची अपनी मां और पांच वर्षीय छोटे भाई के साथ स्कूल से घर लौट रही थी।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि एमएमडीए कॉलोनी के लोगों ने बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनी और उन्हें बच्ची पर हमला करने वाली गाय को खदेड़ दिया। लोगों ने उसके बछड़े को भी वहां से भगा दिया।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बच्ची को बचाया और बाद में उसे इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची की मां की शिकायत के आधार और जांच के बाद गाय के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी उम्र 26 वर्षीय है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जानवर की सही तरीके से देखभाल न करने और उसे यहां-वहां खुला छोड़ने के लिए एक मामला दर्ज किया गया है, जिसकी वजह से बच्ची घायल हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY